यह हैं रियल लाइफ के पैडमैन, सेनेटरी पैड लेकर कर रहे हैं जागरूक
देहरादून निवासी अनुराग चौहान महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। वह महिलाओं को सेनेटरी पैड को लेकर जागरूक करने को प्रेरित करते हैं।
देहरादून, [दीपिका नेगी]: आपने फिल्मी पर्दे पर रील लाइफ ‘पैडमैन’ अक्षय कुमार को तो देखा होगा। लेकिन, आज हम आपको मिलाते हैं रियल लाइफ पैडमैन अनुराग चौहान से। उम्र महज 24 साल, लेकिन सोच और जज्बे को बड़े-बड़े सराहते हैं। शायद यही वजह है कि पैडमैन फिल्म बनाने वाली अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना भी उनकी मुरीद हैं। ट्विंकल ने ईमेल भेजकर अनुराग के काम की तारीफ की तो अनुराग भी फूले नहीं समाए। उनकी खास बात है कि वो पुरुषों से माहवारी को लेकर बात करते हैं और उनसे घर की महिलाओं को सेनेटरी पैड के इस्तेमाल को लेकर जागरूक करने को कहते हैं। इस पहल से महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों का भी नजरिया बदल रहा है।
